
Noida News: नोएडा एक्सप्रेसवे के सेक्टर 129 स्थित गुलशन मॉल तिराहे पर बुधवार देर रात को एक भयानक सड़क हादसा हो गया। एक काली रंग की लैंड रोवर डिफेंडर कार ने अपना रंग दिखाया और रफ्तार का कहर बरपाया। तेज रफ्तार डिफेंडर ने 5 चार पहिया वाहनों और 1 मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मोटरसाइकिल सवार को गंभीर चोटें आई
घटना बुधवार देर रात की है, जब एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डिफेंडर कार चालक सुनीत ने नियंत्रण खो दिया और बिना ब्रेक लगाए लाइन तोड़ते हुए आगे चल रहे वाहनों पर चढ़ गया। पहले एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर लगी, जो सड़क पर लुढ़क गया। इसके बाद लगातार 5 कारों, जिनमें एक फैमिली कार, दो सेडान और दो एसयूवी शामिल हैं—को जोरदार धक्का लगा। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों में एक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चूर-चूर हो गया, जबकि मोटरसाइकिल सवार को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डिफेंडर कार भी हादसे में बुरी तरह डैमेज हो गई, लेकिन चालक सुनीत को मामूली चोटें ही आईं।
एफआईआर दर्ज कर ली गई
एक्सप्रेसवे थाना पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और सुनीत को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वह तेज रफ्तार में था और फोन पर बात करते हुए नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, खतरा पैदा करने और क्षतिग्रस्त संपत्ति के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। ड्रग टेस्ट और मेडिकल जांच भी की जा रही है। यह हादसा नोएडा में हाल के दिनों में बढ़ रही रफ्तार वाली दुर्घटनाओं की कड़ी में जुड़ गया है। कुछ महीने पहले थार एसयूवी ने इसी इलाके में एक आइसक्रीम वाले को कुचल दिया था, जिसके बाद चालक गिरफ्तार हुआ था। विशेषज्ञों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट का पालन न करना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल इन हादसों का मुख्य कारण है।