Crime News : राजधानी में बम ब्लास्ट के बाद बढ़ाए गए अलर्ट के बावजूद उत्तर- पूर्वी जिले में अपराधियों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. न्यू उस्मानपुर इलाके में शुक्रवार रात एक 25 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके.
मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है,जो ब्रह्मपुरी इलाके का रहने वाला था और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। शुक्रवार रात वह काम से घर लौट रहा था तभी भगत सिंह कॉलोनी में कुछ लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोहित को शास्त्री पार्क स्थित जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मोहित की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और गुस्से में हंगामा करने लगे। सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे जिन्होंने समझा बुझाकर स्थिति को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उत्तर पूर्वी जिले के डीसीपी के मुताबिक क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है. शुरुआती जांच में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस मृतक के परिवार व परिचितों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है.