घर के बाहर लगे सीसीटीवी की दिशा को लेकर दो भाइयों में हुए खूनी संघर्ष में एक महिला की मौत हो गई। हालांकि पुलिस को अभी पीड़ित परिवार ने तहरीर नहीं दी है पर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि महिला के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। फिलहाल पुलिस हार्ट अटैक से मौत का कारण मान रही है।
दोनों भाइयों में देर रात कहासुनी हो गई
मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के सेतकुआं गांव निवासी मलखान सिंह के दो बेटे रमेश चंद और आजाद सिंह हैं। दोनों के घरों के बीच में सीसीटीवी कैमरा लगा है। कैमरे की दिशा बदलने को लेकर दोनों भाइयों में देर रात कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों भाइयों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हो गए। घटना में आजाद की 52 वर्षीय पत्नी शीला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। रात में ही गांव के प्रधान पति श्रीपाल ने गांव के जिम्मेदार लोगों के साथ मिलकर दोनों भाइयों में समझौता करा दिया था।
स्थानीय डॉक्टर से उपचार कराया गया
रात में शीला का गांव के ही एक स्थानीय डॉक्टर से उपचार कराया गया था, लेकिन अगले दिन हालत बिगड़ने पर परिजन मेरठ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में शीला की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया के बाद शीला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खरखौदा थाना प्रभारी समय सिंह ने बताया, रात में झगड़े की सूचना मिली थी, लेकिन ग्रामीणों व ग्राम प्रधान ने टूटा कैमरा लगवाने की बात कहकर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था और पुलिस कार्रवाई से मना कर दिया था।
शरीर पर चोट के निशान नहीं थे
थाना प्रभारी का कहना है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि महिला की मौत अंदरूनी चोट लगने या फिर हार्ट अटैक से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि महिला की मौत कैसे हुई। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी पीड़ित परिवार ने तहरीर भी नहीं दी है।