मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) चुनाव 2026 इस बार सिर्फ एक नगर निकाय चुनाव नहीं, बल्कि ‘ब्रांड ठाकरे’ की सबसे बड़ी राजनीतिक अग्निपरीक्षा बनता जा रहा है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने पहली बार इतने संगठित और जमीनी स्तर के साझा अभियान की रणनीति अपनाई है। शाखा दौरों से लेकर जॉइंट मीटिंग तक, पूरा फोकस मराठी वोटर्स, स्थानीय मुद्दों और संगठन की मजबूती पर रखा गया है।
ग्राउंड कैंपेन पर ठाकरे भाइयों का फुल फोकस
इस चुनाव में ठाकरे भाइयों ने सीधा मैदान संभालने का फैसला किया है। रणनीति के तहत राज ठाकरे रोज़ाना उन वार्डों का दौरा करेंगे, जहां एमएनएस की संगठनात्मक पकड़ मजबूत मानी जाती है। शाखाओं में जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और संभावित उम्मीदवारों से सीधी बातचीत की जाएगी, ताकि जमीनी नेटवर्क को चुनाव से पहले पूरी तरह एक्टिव किया जा सके।
पहली बार दिखेगा साझा शाखा दौरा
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि पहली बार शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस की कुछ शाखाओं में राज और उद्धव ठाकरे की जॉइंट विजिट होगी। इन दौरों के जरिए दोनों नेता न सिर्फ कार्यकर्ताओं को दिशा देंगे, बल्कि आम मुंबईकरों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं को समझने की कोशिश करेंगे। आने वाले दिनों में मुंबई के अलग-अलग इलाकों में यह साझा उपस्थिति चुनावी माहौल को नया मोड़ दे सकती है।
अंतिम चरण में संयुक्त शक्ति प्रदर्शन
कैंपेन के आखिरी दौर में ठाकरे भाइयों की जॉइंट कैंपेन मीटिंग प्रस्तावित है। पहले चरण में संगठन को मजबूत करना और अंत में साझा मंच से ताकत दिखाना इस रणनीति का अहम हिस्सा है। इसी कड़ी में एक जॉइंट इंटरव्यू के जरिए राज्यभर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों तक संदेश पहुंचाने की भी योजना है।
युवा नेतृत्व को मिली अहम भूमिका
चुनावी अभियान में युवा चेहरों को भी आगे लाया गया है। आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे को मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में संयुक्त बैठकों की जिम्मेदारी दी गई है। मकसद युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं से सीधा जुड़ाव बनाना है, ताकि नई पीढ़ी को अभियान से जोड़ा जा सके।
मराठी अस्मिता पर तेज होगा फोकस
मराठी वोटर्स को एकजुट रखने के लिए कोंकण बेल्ट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुंबई में रहने वाले कोंकण मूल के मतदाताओं से संवाद के लिए वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा गया है। कॉर्नर मीटिंग और छोटी सभाओं के जरिए मराठी माणूस, स्थानीय पहचान और नगर निकाय से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।
‘ब्रांड ठाकरे’ बनाम विरोधी रणनीति
इस बीएमसी चुनाव को ‘ब्रांड ठाकरे’ की साख से जोड़कर देखा जा रहा है। कई सीटों पर सीधा मुकाबला होने की वजह से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। जहां विरोधी खेमा हिंदुत्व के मुद्दे को आक्रामक तरीके से उठा रहा है, वहीं ठाकरे ब्रदर्स मराठी अस्मिता, स्थानीय विकास और नागरिक सुविधाओं को चुनावी हथियार बना रहे हैं। अब देखना होगा कि मुंबई की जनता किस रणनीति पर भरोसा जताती है।