BMW iX3 Unveiled: लग्जरी कार के लिए मशहूर निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ने अपनी नई ऑल इलेक्ट्रिक एसयूवी iX3 को इंडोनेशिया मोटर शो 2026 में आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। यह कार कंपनी के न्यू क्लास आर्किटेक्चर पर आधारित पहली प्रोडक्शन ई-एसयूवी है, जो बेहतरीन ड्राइविंग रेंज और अल्ट्रा फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ आई है।
बैटरी और स्पीड
कंपनी का दावा है कि यह कार सिंगल चार्ज में 805 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। बीएमडब्ल्यू iX3 में 108.7 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। इसमें डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव सेटअप मिलता है. जो 469 bhp की पावर और 645 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। यह कार 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार सिर्फ 4.9 सेकंड में पकड़ लेती है।
चार्जिंग
चार्जिंग की बात करें, तो यह ई-एसयूवी 400 kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। यह कार केवल 10 मिनट में 372 किमी चलने लायक चार्ज हो जाती है। वहीं 10% से 80% चार्ज होने में इसे 21 मिनट तक का समय लगता है।
कैसा है डिजाइन
आपको बता दें कि डिजाइन के मामले में नई iX3 का लुक काफी मिनिमलिस्ट और फ्यूचरिस्टिक है। कार के आगे बीएमडब्लू की सिग्नेचर वर्टिकल ग्रिल और पतली एलईडी लाइट्स दी दई है। कार के बॉडी पैनल्स और फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल्स इसे ऐसा आकार देते हैं, जिससे इसका ड्रैग कोएफिशिएंट घटकर महज 0.24 रह गया है। जिसकी वजह से हवा का दबाव कम होता है और कार की रेंज बेहतर होती है।
यह भी पढ़ें: Hyundai New Launch: हुंडई ने पेश की अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Neira Prototype, जानें क्या है खासियत
बड़ा सामान रखने की जगह
बता दें कि 4.78 मीटर लंबी इस एसयूवी में पीछे 520 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है, जिसे सीट्स फोल्ड करके 1,750 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा आगे बोनट के नीचे भी 58 लीटर का छोटा फ्रंक स्टोरेज दिया गया है।
मिलेंगे ये फीचर्स
बीएमडब्ल्यू ने इसमें अपना नया पैनोरेमिक आईड्राइव सिस्टम पेश किया है, जो नए ऑपरेटिंग सिस्टम X पर काम करता है। गाड़ी चलाते समय सारी जरूरी जानकारी विंडशील्ड पर ही 3D हेड-अप डिस्प्ले के जरिए प्रोजेक्ट हो जाती है। साथ ही इसमें 360 डिग्री कैमरा, एडवांस्ड रडार-सेंसर नेटवर्क और एआई-पावर्ड पर्सनल वॉयस असिस्टेंट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।