Boat capsizes in Yamuna River: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव में सवार 9 लोगों में से 6 के डूबने की आशंका है, जबकि 3 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।
शादी के बाद हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव में एक शादी समारोह के बाद परिजन नदी पार कर तरबूज खाने गए थे। लौटते समय नाव चला रहा युवक मोबाइल पर बात करने लगा, जिससे संतुलन बिगड़ा और नाव अचानक पलट गई। नाव में सवार सभी लोग नदी में गिर गए।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे के बाद तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
यह भी देखेंःAmit Shah reached Bengal: बंगाल में सरकार गठन से पहले सियासी हलचल तेज, अमित शाह करेंगे बड़ी बैठकों की अगुवाई
प्रशासन और NDRF की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम अभिषेक कुमार और सीओ राजेश कमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल को भी बुलाया गया है और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गांव में शोक का माहौल
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी लापता लोगों की तलाश कर ली जाएगी और हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।