बुलंदशहर, बीबीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को गन्ने के खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कस्बा बीबीनगर स्थित रजवाहे के पास गन्ने के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) समेत थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच के दौरान युवक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक की मौत स्वाभाविक परिस्थितियों में हुई है या उसके पीछे कोई आपराधिक घटना है.
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.