बुलन्दशहर, जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र में बीते 28 जुलाई को भारी बारिश के दौरान नाले में बही मासूम बच्ची चारू का शव रविवार को काली नदी से बरामद कर लिया गया है। पिछले चार दिनों से दिन-रात चले वृहद रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार एसडीआरएफ और ड्रोन टीम की मदद से शव को जलकुंभी के बीच से बाहर निकाला गया.
4 दिनों तक चला बहु-एजेंसी रेस्क्यू अभियान
उल्लेखनीय है कि 28 जुलाई 2026 को भारी बारिश के चलते 4 वर्षीय चारू अचानक एक खुले नाले में गिरकर बह गई थी। घटना के तुरंत बाद से ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), पीएसी फ्लड टीम (PAC Flood Unit) और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हुई थीं.
तकनीक और टीम वर्क से मिली सफलता
रविवार को रेस्क्यू टीमों ने सर्च ऑपरेशन में ड्रोन कैमरों का सहारा लिया। ड्रोन फुटेज की मदद से काली नदी में सघन जलकुंभी के बीच बच्ची का शव लोकेट किया गया। इसके तुरंत बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में उतरकर शव को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए शव के पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
डीएम और एसएसपी ने टीमों को किया सम्मानित
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बुलन्दशहर द्वारा लगातार पूरे ऑपरेशन की निगरानी की जा रही थी. चार दिनों तक बिना रुके चलाए गए इस कठिन अभियान में जुटी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की टीमों के अथक प्रयासों और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए अधिकारियों द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया.