थाना देहात क्षेत्र के जरौठी रोड स्थित प्रभु धर्मकांटे के पास एक आरा मशीन में बने कमरे में मंगलवार सुबह एक दिव्यांग युवक का शव पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
बंटी का शव पंखे से लटका हुआ था
जानकारी के अनुसार जरौठी रोड स्थित मोहल्ला गीता कालोनी निवासी राजीव एक आरा मशीन में पार्टनर हैं। उनके साथ उनका दिव्यांग साला जिला बुलंदशहर के गांव भीमपुर दोराहा का बंटी भी रहता था। बंटी अविवाहित था और आरा मशीन की देखभाल करता था। वह अक्सर मशीन परिसर में बने कमरे में ही सो जाता था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे राजीव के बच्चे आरा मशीन पर चाय देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो बंटी का शव पंखे से लटका हुआ था। यह देख बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी राजीव को दी। सूचना मिलते ही राजीव मौके पर पहुंचा और डायल 112 पर काल कर पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल का निरीक्षण किया
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस टीम और फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।