Hapur News: थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दोयमी रेलवे फाटक के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित एक पेड़ पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ पाया गया। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
क्या है पूरा मामला
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हापुड़ देहात पारस मलिक अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आसपास के लोगों की मदद से उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। मृतक की पहचान विद्या नगर निवासी पंकज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पंकज मूल रूप से जनपद सीतापुर के थाना लहरपुर क्षेत्र के ग्राम कुटी सिकोली का रहने वाला था और यहाँ हापुड़ में गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिजनों में मचा कोहराम
पंकज की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और मोहल्ले के लोग आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए।आसपास के लोग पीड़ित परिजन को सांत्वना दे रहे थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थाना प्रभारी पारस मलिक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखकर मामला गृहकलेश के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।