बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला खत्रीवाड़ा में एक युवक का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने युवक की पत्नी, उसके भतीजे और भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, खत्रीवाड़ा मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहे अभिषेक राणा का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अभिषेक ने कुछ माह पूर्व रोशनी नामक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। परिजनों का कहना है कि अभिषेक अपनी पत्नी के कथित आचरण का विरोध करता था, जिसको लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक की पत्नी रोशनी, उसका भतीजा और उसके भाई उसे परेशान करते थे।
परिजनों ने आशंका जताई है कि अभिषेक ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि अभिषेक अपने परिवार से अलग होकर पत्नी के साथ खत्रीवाड़ा स्थित किराये के मकान में रह रहा था। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।