Bulandshahr News: सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर स्थित एक ओयो के कमरे में युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती के साथ होटल में आया युवक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
युवती को बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा
जानकारी के अनुसार, एक युवती बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक के साथ होटल में पहुंची थी। दोनों ने होटल में कमरा लिया और वहां ठहरे थे। शाम के समय जब होटल का सफाईकर्मी कमरे की सफाई करने पहुंचा तो उसने युवती को बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उसने होटल प्रबंधन को सूचना दी।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
होटल मैनेजर ने कमरे में पहुंचकर देखा तो युवती मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती के साथ होटल में आया युवक मौके से फरार है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही होटल के कर्मचारियों और प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने कमरे से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
फरार युवक का लगाया जा रहा पता
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार युवक का पता लगाकर उससे पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। घटना सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में जाट चौक से पहले स्थित ओयो होटल की बताई जा रही है।