परतापुर। टीपी नगर थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित नेवला फ्लाईओवर के नीचे बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पहचान कराने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नई बस्ती निवासी नितिन 40 पुत्र महेश चंद के रूप में हुई। नितिन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी रीता और तीन बेटियां हैं। पत्नी सिलाई का कार्य कर घर की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करती हैं।
परिजनों के अनुसार नितिन मंगलवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार शाम उसका शव नेवला फ्लाईओवर के नीचे नाले में मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नितिन शराब पीने का आदी था। आशंका है कि नशे की हालत में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गया। अधिक नशे के कारण वह बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।