Bulandshahr News: शहर के आनंद विहार कॉलोनी निवासी एक युवक का शव शिकारपुर क्षेत्र स्थित पल्ला झाल नहर में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। युवक एक जून से घर से लापता था। परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
परिजनों ने काफी तलाश की
जानकारी के अनुसार आनंद विहार कॉलोनी निवासी युवक एक जून को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। आरोप है कि दो जून को परिजन युवक की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए सिटी कोतवाली पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद परिवार लगातार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करता रहा।
घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं
परिजनों ने बताया कि युवक की अगले महीने शादी तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। युवक के अचानक लापता होने से परिवार पहले से ही चिंतित था। बुधवार को परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी। एसएसपी के निर्देश पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया।
परिवार में मातम छा गया
इसी बीच शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के पल्ला झाल नहर में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पहचान कराने पर शव आनंद विहार निवासी लापता युवक का निकला। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान की। युवक का शव मिलने से परिवार में मातम छा गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।