मेरठ। दो दिन से लापता युवक का शव घर से चंद कदमों की दूरी पर कूड़े के ढेर में दबा मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या कर शव को कूड़े के ढेर में दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास करने पर ग्रामीण धरने पर बैठ गए। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन व ग्रामीणों को शांत हुए। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरधना थाना क्षेत्र के अटेरना गांव निवासी पपिंद्र बुधवार से घर से लापता था। परिजनों ने बृहस्पतिवार देर रात थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को जब उसका शव घर से पचास कदम दूर कूड़े के ढेर में मिला तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। जिसकी सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास करने पर ग्रामीण धरने पर बैठ गए। उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर हत्या कर शव को कूड़े के ढेर में दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और जिलाधिकारी व एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग की।
कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस द्वारा समझाने और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी देहात अभिजीत कुमार ने ग्रामीणों से जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।