Delhi News: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके से करीब एक सप्ताह से लापता 24 वर्षीय बंटी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार को एक अखबार में प्रकाशित अज्ञात शव की तस्वीर देखकर परिजनों ने उसकी पहचान बंटी के रूप में की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
क्या है मामला
परिजनों के अनुसार बंटी 27 जून को अपने दोस्त शिवम के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर 1 जुलाई को कल्याणपुरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजन 4 जुलाई को डीसीपी कार्यालय भी पहुंचे थे।
शव के सिर पर गहरी चोट के निशान
पुलिस फिलहाल मामले को सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है, लेकिन परिजनों ने बंटी की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शव के सिर पर गहरी चोट के निशान हैं और एक पैर भी टूटा हुआ है, जिससे हादसे की कहानी पर सवाल खड़े होते हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस के मुताबिक बंटी अपने परिवार के साथ खिचड़ीपुर में रहता था और अपने पिता देवेंद्र कुमार के साथ बढ़ई का काम करता था। परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं। अब सभी की नजर जीटीबी अस्पताल में होने वाले पोस्टमार्टम पर है, जिसकी रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।