Bulandshahr News: देहात कोतवाली क्षेत्र के अनूपशहर रोड स्थित एक खेत में सोमवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खानपुर निवासी मनीष के रूप में हुई है। वह चार दिन पहले घर से नाराज होकर निकला था और तभी से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
परिवार में मचा कोहराम
सोमवार को खेत में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
शव के पास से मिला सल्फास का खाली पाउच
पुलिस को शव के पास शराब की एक बोतल और सल्फास का खाली पाउच मिला है। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर युवक के घर से जाने और घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।