Body Symptoms : हमारे शरीर की त्वचा का रंग अगर अचानक किसी हिस्से में नीला या बैंगनी पड़ने लगे, तो यह केवल एक सामान्य चोट का परिणाम नहीं हो सकता – बल्कि यह शरीर में छुपी किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है. आमतौर पर लोग इसे हल्के में ले लेते हैं, लेकिन यदि यह बार-बार होता है या बिना किसी ठोस कारण के होता है, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए. आइए जानते हैं शरीर में अचानक नीले निशान या त्वचा के रंग में बदलाव आने के संभावित कारण.
1. खून का रिसाव (Internal Bleeding) या चोट सबसे सामान्य कारण यह है कि किसी अंदरूनी चोट या खून की नस के फटने की वजह से खून त्वचा के नीचे जमा हो जाता है, जिससे नीला या काला निशान दिखने लगता है. कई बार हल्की चोट लगने पर भी यह रंग परिवर्तन हो सकता है, खासकर बुजुर्गों या पतली त्वचा वालों में.
2. प्लेटलेट की कमी (Thrombocytopenia) प्लेटलेट्स खून के थक्के जमाने का काम करते हैं. यदि शरीर में प्लेटलेट की मात्रा कम हो जाए, जैसे डेंगू, वायरल बुखार या अन्य बीमारियों के दौरान, तो बिना किसी चोट के भी नीले निशान बन सकते हैं.
3. हीमोफीलिया या अन्य रक्त विकार हीमोफीलिया एक आनुवंशिक बीमारी है जिसमें खून जल्दी नहीं जमता. ऐसे मरीजों को जरा सी चोट भी गंभीर स्थिति में ला सकती है और शरीर पर नीले निशान आम होते हैं.
4. दवाओं का प्रभाव कुछ दवाएं जैसे कि एस्पिरिन, ब्लड थिनर (खून पतला करने वाली दवाएं), स्टेरॉयड या एंटीबायोटिक्स का लंबे समय तक सेवन भी शरीर में खून के थक्के बनने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है, जिससे नीले दाग दिख सकते हैं.
5. विटामिन की कमी विशेष रूप से विटामिन C और K की कमी से शरीर में खून की नसें कमजोर हो सकती हैं, जिससे सूक्ष्म रक्तस्राव और नीले दाग हो सकते हैं. यह स्थिति स्कर्वी जैसी बीमारियों की ओर भी संकेत कर सकती है.
6. आटोइम्यून या लीवर की बीमारियाँ कभी-कभी लीवर संबंधी रोग जैसे सिरोसिस या ऑटोइम्यून बीमारियाँ शरीर की ब्लड क्लॉटिंग क्षमता को प्रभावित करती हैं, जिससे बिना चोट के भी नीले निशान आ सकते हैं.
शरीर में अचानक नीला पड़ जाना हमेशा एक सामान्य बात नहीं होती. यदि यह अक्सर हो रहा है, लंबे समय तक ठीक नहीं हो रहा, या इसके साथ अन्य लक्षण जैसे थकान, बुखार, कमजोरी या खून बहना हो रहा है, तो यह किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की ओर संकेत कर सकता है. ऐसे में देरी न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें. अपने आहार में पोषण संतुलन बनाए रखें और अनावश्यक दवाओं का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना न करें.