देश के कई शहरों के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मेरठ, आगरा और कानपुर समेत कुल 159 स्कूलों को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसमें लिखा था कि स्कूलों में बम लगाए गए हैं और बच्चों की जान जाएगी. मेल में हिंसक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा गया कि "आपके बच्चों को मरना ही होगा". इस मेल के बाद स्कूलों में दहशत फैल गई और पुलिस को तुरंत जानकारी दी गई.
क्या लिखा था ईमेल में?
ईमेल में लिखा था कि स्कूल की बिल्डिंग में कई बम (TNT और PETN जैसे विस्फोटक) छिपाए गए हैं. धमकी देने वाले ने कहा कि बम बहुत चालाकी से लगाए गए हैं और कोई भी नहीं बचेगा. मेल में यह भी कहा गया कि स्कूल अब खून-खराबे की जगह बन जाएगा. मेल के अंत में दो नाम 'रोडकिल' और 'साइलेंस' को इस हमले के लिए जिम्मेदार बताया गया है.
कब और कैसे मिला मेल?
ईमेल मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे स्कूलों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया. जैसे ही स्कूल प्रशासन को यह मेल मिला, उन्होंने पुलिस को सूचना दी. तुरंत ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते को अलर्ट कर दिया गया.
मेरठ के कौन-कौन से स्कूलों को धमकी मिली?
मेरठ के सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल (लोहिया नगर), केएल इंटरनेशनल स्कूल (मेडिकल थाना क्षेत्र) और मेरठ सिटी पब्लिक स्कूल समेत लगभग 10 स्कूलों को यह मेल मिला. मेरठ स्कूल्स सहोदय कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष राहुल केसरवानी ने बताया कि सभी स्कूलों ने पुलिस को तुरंत जानकारी दी. फिलहाल 24 जुलाई तक मेरठ के स्कूलों में पहले से ही छुट्टियां चल रही हैं.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है. साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मेल कहां से और किसने भेजा. मेरठ के एसएसपी विपिन ताड़ा ने बताया कि शुरुआती जांच से लग रहा है कि यह मेल सिर्फ डर फैलाने और माहौल खराब करने के लिए भेजा गया है.
वहीं, डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही यह पता लगा लिया जाएगा कि इसके पीछे कौन है. पुलिस की टीमें और फायर सर्विस अलर्ट मोड पर हैं.
बाकी स्कूलों में भी मचा हड़कंप
जैसे ही यह खबर फैली बाकी स्कूलों में भी हलचल मच गई. कई स्कूल अपने मेल चेक करने लगे कि कहीं उन्हें भी ऐसा मेल तो नहीं आया. सुरक्षा के लिहाज से सभी स्कूलों में कड़े इंतजाम किए गए हैं.