जनपद के कस्बा जानसठ के मोहल्ला सराय तुलसीराम की मुस्लिम बस्ती में सात साल के बालक शाहबान का अचानक पैर फिसलने से वह कच्चे रास्ते के पास करीब तीन-चार फुट नीचे रखे हाइटेंशन विद्युत लाइन के ट्रांसफार्मर पर जा गिरा। करंट लगने से गंभीर रुप से झुलसे शाहबान की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने लापरवाही पर विद्युत विभाग अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, विद्युत ट्रांसफार्मर हटवाने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम राजकुमार भारती व सीओ रुपाली राय ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
हाइटेंशन विद्युत लाइन पर ट्रांसफार्मर रखा हुआ है
जांन्सट के मोहल्ला सराय तुलसीराम की मुस्लिम बस्ती में हाइटेंशन विद्युत लाइन पर ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। विद्युत ट्रांसफार्मर बराबर में स्थित कच्चे रास्ते का मिट्टी से भराव होने से विद्युत ट्रांसफार्मर करीब तीन-चार फुट नीचे पहुंच गया है। इसके पास ही बस्ती में शाहनवाज का मकान है। बृहस्पतिवार दोपहर को शाहनवाज का सात वर्षीय पुत्र शाहबान अपने घर से बाहर निकला और वह बराबर में बने कच्चे रास्ते से गुजर रहा था इसी बीच उसका अचानक पैर फिसल गया। जिससे शाहबान चलती हाइटेंशन विद्युत लाइन के ट्रांसफार्मर पर जा गिरा। करंट लगने से शाहबान गंभीर रूप से झुलस गया।
शव को बस्ती में घर के सामने रखकर हंगामा खड़ा कर दिया
वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो परिवार और बस्ती के लोग मौके पर पहुंचे। बस्ती के लोग चलती विद्युत लाइन में किसी तरह से करंट से झुलसे शाहबान को निकालकर उसे गंभीर अवस्था में लेकर।अस्पताल में पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। गुस्साए लोगों ने शव को बस्ती में घर के सामने रखकर हंगामा खड़ा कर दिया। हादसे की सूचना पर एसडीएम राजकुमार भारती, सीओ रुपाली राव मौके पर पहुंचे। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन डॉक्टर आबिद हुसैन, हाजी आशु मलिक, सभासद गुलफाम, मोहम्मद अहसान, धर्मेश सैनी भी मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों ने एसडीएम से विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, विद्युत ट्रांसफार्मर को तुरंत हटवाए जाने तथा मृतक बालक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीएम राजकुमार भारती व सीओ रुपाली राव ने लोगों को समझा बुझाकर आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।