कहते हैं कि प्यार अगर सच्चा हो तो उसे मुकाम जरूर हासिल होता है, चाहे जिंदा रह कर या मौत के बाद. एक ऐसा ही मामला महाराजगंज से सामने आया है, जहां एक प्रेमी ने कुछ ऐसा किया जो मिसाल बन गया. जिस मंगेतर से उसकी 5 महीने बाद शादी होनी थी उसने फांसी लगा ली. बेटी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. भारी मन के साथ उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी.
इसी बीच प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के मृत शरीर के साथ शादी करने की इच्छा जताई. प्रेमी ने कहा कि उसने अपनी प्रेमिका को वचन दिया था कि वो उससे शादी करेगा.
अर्थी पर पड़ी प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर
परिजनों ने युवक की भावनाओं का आदर करते हुए उसे अंतिम बार अपनी मंगेतर से विवाह करने की अनुमति दे दी. युवक ने अर्थी पर लेटी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर अपने वचन को निभाया. यह एक ऐसी शादी थी, जहां खुशियों की जगह शोक ने माहौल को घेर लिया था. घर और गांव की महिलाएं जहां आमतौर पर मंगलगीत गाती हैं, वहां इस बार वो सिसकियों में डूबी थीं. चारों ओर शोक और आंसुओं का माहौल था. जो भी इस दृश्य का साक्षी बना, अपने आंसू रोक नहीं पाया. विवाह की रस्में निभाने पहुंचे पंडित जी भी गमगीन चेहरे के साथ मंत्रोच्चारण करते रहे. उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें किसी मृत देह से विवाह कराना पड़ेगा. विवाह की यह अनोखी रस्म पूरी होने के बाद युवती का अंतिम संस्कार एक सुहागन के रूप में किया गया.
मकान मालिक की बेटी से हुआ प्यार, इलाके में दिनभर रही चर्चा
महराजगंज की इस अनोखी घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी. जहां एक ओर लोग युवक के सच्चे प्रेम और साहस की सराहना कर रहे थे, वहीं कुछ लोग युवती के आत्मघाती कदम को दुर्भाग्यपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना बता रहे थे. उनका कहना था कि युवती ने अपनी एक गलती से दो परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया.
दरअसल, निचलौल थाना क्षेत्र के एक कस्बे में रहने वाला युवक वहां दुकान चलाता था. उसी दौरान उसका अपने मकान मालिक की बेटी से प्रेम हो गया. जब बात आगे बढ़ी तो शुरू में परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकारने से इनकार कर दिया, लेकिन दोनों की जिद और आपसी लगाव के आगे आखिरकार परिवारों को झुकना पड़ा और उन्होंने शादी के लिए हामी भर दी.
दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती ने किसी बात को लेकर फांसी लगा ली. युवती की मौत की खबर जैसे ही उसके प्रेमी को लगी वो बदहवास हो कर उसके घर आ गया और उसने कहा कि वो अपनी प्रेमिका के मृत शरीर से शादी करना चाहता है. परिजनों ने भी भारी मन से युवक को अनुमति दे दी.