बांग्लादेश प्रीमियर लीग को लेकर फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। BPL का नया सीजन दिसंबर में अपने तय शेड्यूल के मुताबिक शुरू होगा, लेकिन इस बार शुरुआत बिना किसी ओपनिंग सेरेमनी के होगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा कारणों के चलते इस बार उद्घाटन समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। पहले योजना थी कि 24 दिसंबर को ढाका में भव्य ओपनिंग सेरेमनी होगी और 26 दिसंबर से सिलहट में मुकाबलों का आगाज किया जाएगा, लेकिन अब बोर्ड ने जश्न पर ब्रेक लगा दिया है।
सुरक्षा बनी सबसे बड़ी वजह
BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने बताया कि मौजूदा हालात में सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देश की स्थिति को देखते हुए बोर्ड किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। उनका फोकस सिर्फ इस बात पर है कि मैच शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से खेले जाएं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार की ओर से भी बड़े सार्वजनिक आयोजनों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसी वजह से ओपनिंग सेरेमनी को टालने का फैसला लिया गया, ताकि खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राजनीतिक हालात ने बढ़ाई चिंता
बांग्लादेश में हाल के दिनों में राजनीतिक माहौल काफी संवेदनशील बना हुआ है। फरवरी 2026 में होने वाले राष्ट्रीय चुनावों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट मोड पर हैं। ऐसे में हजारों लोगों की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ओपनिंग सेरेमनी को कुछ दिन आगे बढ़ाने का सुझाव भी आया था, लेकिन BCB ने साफ कर दिया कि शेड्यूल में बदलाव से विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। इसी कारण बोर्ड ने किसी भी तरह के प्री-इवेंट को पूरी तरह रद्द करने का फैसला लिया।
इसे भी पढ़ें : Gill बनाम चार सितारे, Gambhir की रणनीति पर सवाल, ड्रेसिंग रूम में घमासान?
26 दिसंबर से तय कार्यक्रम के अनुसार मैच
BPL गवर्निंग काउंसिल ने भी प्रेस रिलीज जारी कर ओपनिंग सेरेमनी स्थगित होने की पुष्टि की है। काउंसिल ने कहा कि सरकार की सलाह और सुरक्षा पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, यह भी साफ किया गया कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग का 12वां सीजन 26 दिसंबर 2025 से सिलहट में ही शुरू होगा। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि दर्शकों के लिए स्टेडियम में सुरक्षित और बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। BCB और गवर्निंग काउंसिल का कहना है कि भले ही ओपनिंग सेरेमनी न हो, लेकिन इस बार का BPL टूर्नामेंट रोमांच, मुकाबले और क्रिकेट के मजे में किसी से कम नहीं होगा।