BPL 2026 ऑक्शन से ठीक एक दिन पहले बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मैच फिक्सिंग के गंभीर आरोपों के चलते 7 खिलाड़ियों को ड्राफ्ट से बाहर कर दिया है। इन नामों में दो दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिससे पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। बोर्ड ने साफ कर दिया कि भ्रष्टाचार पर किसी भी तरह की नरमी नहीं दिखाई जाएगी। जिस समय टीमें रणनीति बनाने में जुटी थीं, ठीक उससे पहले इतने बड़े नामों का बाहर होना सभी के लिए चौंकाने वाला है।
कौन हैं वे 7 खिलाड़ी? दो बड़े नाम चर्चा में
ड्राफ्ट से हटाए गए खिलाड़ियों की लिस्ट में अनमुल हक बिजॉय, मोसद्देक हुसैन, शोफिउल इस्लाम, अलाउद्दीन बाबू, सुनजामुल इस्लाम, मिजानुर रहमान और निहादुज्जमान का नाम शामिल है। इनमें अनमुल हक बिजॉय और मोसद्देक हुसैन को बड़े खिलाड़ियों की कैटेगरी में रखा जाता है। अनमुल हक बिजॉय बांग्लादेश क्रिकेट का बड़ा चेहरा रहे हैं और उनके बाहर होने से फैंस भी हैरान हैं। BCB पहले ही संकेत दे चुका था कि वह 10 खिलाड़ियों को रेड मार्क जोन में रखे हुए है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर ऑक्शन से बाहर किया जा सकता है—और अब वही कार्रवाई सामने आ गई है।
अनमुल हक बिजॉय को लगा सबसे बड़ा झटका
इस फैसले का सबसे बड़ा असर अनमुल हक बिजॉय पर पड़ा है। बिजॉय ने बांग्लादेश के लिए 8 टेस्ट, 49 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड और भी दमदार है। BPL में उन्होंने 131 मैचों में 2776 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। उन्हें हमेशा BPL का भरोसेमंद खिलाड़ी माना गया है। ऐसे में उनका ऑक्शन से बाहर होना न सिर्फ उनके करियर के लिए झटका है, बल्कि BPL फ्रेंचाइजी के लिए भी बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Team India दहाड़ने को तैयार… पर रांची वनडे में किसे मिलेगा मौका? बड़े नामों के बीच Playing-11 पर सस्पेंस!
क्या आगे और गिरेगी गाज? जांच जारी
BCB की एंटी करप्शन यूनिट काफी समय से इन खिलाड़ियों पर नजर रखे हुए थी। बोर्ड का कहना है कि जांच अभी भी जारी है और अगर जरूरत पड़ी तो और भी खिलाड़ियों पर कार्रवाई की जा सकती है। BPL ऑक्शन 24 घंटे दूर है और उससे पहले यह फैसला टूर्नामेंट को साफ-सुथरा रखने की बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि इन खिलाड़ियों पर आगे क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं और क्या BPL 2026 बिना किसी विवाद के शुरू हो पाएगा। फिलहाल इतना साफ है कि बांग्लादेश क्रिकेट ने मैच फिक्सिंग पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति को बेहद कड़े अंदाज में लागू कर दिया है।