आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के नगला नाथु मौजा स्वामी में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. यहां यमुना नदी में नहाने गईं चार युवतियां डूब गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवतियां नदी में मस्ती कर रही थीं और उसी दौरान वीडियो भी बना रही थीं. अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और चारों लड़कियां बहने लगीं.
मौके पर मचा हड़कंप, गोताखोरों की मदद से निकाला गया
घटना के समय वहां मौजूद लोग चिल्लाने लगे, लेकिन जब तक कोई उन्हें बचा पाता, चारों पानी में लापता हो गईं. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. सभी को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शादी का घर बना मातम का केंद्र
हादसे के बाद युवतियों के परिजनों को सूचना दी गई. जैसे ही यह खबर घर पहुंची, कोहराम मच गया. इनमें से एक युवती की शादी 5 जून को तय थी. शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन यह हर्षोल्लास पलभर में मातम में बदल गया.
वीडियो में दिखी लापरवाही
घटना से कुछ देर पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवतियां रील बनाते और मस्ती करते नजर आ रही हैं. यहीं एक छोटी सी लापरवाही उन्हें हमेशा के लिए यमुना की गहराइयों में समा गईं.