BRICS Summit Delhi Traffic: नई दिल्ली में आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। सुरक्षा कारणों से शनिवार को कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। यह व्यवस्था सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक लागू रहेगी। खास तौर पर भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास के इलाकों के अलावा मध्य दिल्ली के कई महत्वपूर्ण मार्ग प्रभावित होंगे। पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी में प्रतिबंधित और नियंत्रित सड़कों के साथ-साथ वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन प्वाइंट की जानकारी दी गई है। इसका मकसद वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
इन इलाकों में ज्यादा असर
ब्रिक्स सम्मेलन का मुख्य आयोजन भारत मंडपम में होने के कारण प्रगति मैदान के आसपास ट्रैफिक पर सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना है। इसके अलावा मध्य दिल्ली को राजधानी के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने वाले कई प्रमुख रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही को जरूरत के मुताबिक रोका या बदला जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस की सूची में रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट और सी-हेक्सागन के आसपास का क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड जैसे प्रमुख कॉरिडोर शामिल हैं। लुटियंस दिल्ली की कई सड़कों पर भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रतिबंध रहेंगे।
दिल्ली पुलिस ने मेट्रो को बताया बेहतर विकल्प
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर जरूरी न हो तो प्रभावित इलाकों में निजी वाहन लेकर जाने से बचें। लोगों को घर से निकलने से पहले अपना रूट तय करने और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए मेट्रो का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। हालांकि एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास सलाह
दिल्ली पुलिस ने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को अपने सफर के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को भी समय से पहले घर से निकलने और संभव हो तो मेट्रो से सफर करने को कहा गया है। पुलिस के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक दबाव और सुरक्षा जांच के कारण सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा में अधिक समय लग सकता है।
यह भी पढ़ें: Xi Jinping India Visit: मोदी से मुलाकात से पहले चीन ने भारत को दिया बड़ा संदेश, रिश्तों पर कही ये बात
बिना जरूरी काम के आने वाले कमर्शियल वाहनों पर रोक
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत ऐसे कमर्शियल वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर भी रोक रहेगी, जिनका शहर में कोई निर्धारित गंतव्य नहीं है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें। ब्रिक्स सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने लोगों से सहयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।