BRICS Summit Delhi 2026: दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के चलते 12 सितंबर की रात कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात 8:15 बजे से 11 बजे तक भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में आम वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। यह व्यवस्था राष्ट्राध्यक्षों और अन्य विदेशी गणमान्य लोगों की सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए की गई है।
भारत मंडपम के आसपास आवाजाही रहेगी सीमित
ट्रैफिक प्लान के तहत भारत मंडपम के आसपास के कुछ हिस्सों को निर्धारित समय में आम वाहनों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाएगा। सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और लुटियंस जोन के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर भी आवाजाही नियंत्रित रहेगी। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, इंडिया गेट क्षेत्र, मथुरा रोड और भैरों मार्ग से जुड़े हिस्से शामिल हैं।
कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा
दिल्ली पुलिस ने बताया कि यात्रियों को परेशानी कम हो, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। प्रतिबंधित मार्गों से आने वाले वाहनों को रिंग रोड और अन्य वैकल्पिक प्रमुख सड़कों की ओर भेजा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें।
यह भी देखेंःBRICS Summit 2026: पेजेशकियान से पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठक खत्म, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
पुलिस ने मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह दी
दिल्ली पुलिस ने यात्रियों को ट्रैफिक प्रतिबंधों के दौरान निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। खास तौर पर लोगों से दिल्ली मेट्रो को प्राथमिकता देने को कहा गया है। पुलिस ने यह भी अपील की है कि वाहन चालक डायवर्जन वाले रास्तों पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। आपातकालीन और जरूरी सेवाओं के वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है।
12-13 सितंबर को होगा BRICS सम्मेलन
भारत अपनी 2026 BRICS अध्यक्षता के तहत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस बार भारत ने ‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ को थीम बनाया है। सम्मेलन में BRICS के 11 सदस्य देश—ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और UAE—शामिल हो रहे हैं।