BRICS Summit Delhi: नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन के आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 11 से 13 सितंबर तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में कई देशों के प्रतिनिधि और विदेशी मेहमान राजधानी पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन भारत मंडपम में होना है। इसे देखते हुए दिल्ली के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। सम्मेलन के आसपास के इलाकों में कई सरकारी और निजी कार्यालय बंद रखने का फैसला किया गया है। वहीं स्कूल-कॉलेजों को भी बंद रखने की व्यवस्था की गई है। दूसरी तरफ बाजारों और सार्वजनिक परिवहन को लेकर लोगों के लिए अलग-अलग स्थिति है। ऐसे में घर से निकलने से पहले जानना जरूरी है कि दिल्ली में क्या खुला रहेगा और किन जगहों पर पाबंदियां होंगी।
मेट्रो सेवा पर नहीं लगेगा ब्रेक
दिल्ली मेट्रो को लेकर यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक सभी मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे और ट्रेनों का संचालन सामान्य तरीके से जारी रहेगा। फिलहाल किसी मेट्रो लाइन को बंद करने या सेवा रोकने की विशेष सूचना नहीं दी गई है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर मौजूद दिल्ली मेट्रो म्यूजियम को 13 सितंबर तक बंद रखा जाएगा। 14 सितंबर को सोमवार होने के कारण साप्ताहिक अवकाश रहेगा और म्यूजियम 15 सितंबर से दोबारा दर्शकों के लिए खुलने की उम्मीद है।
अमृत उद्यान भी रहेगा बंद
राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान भी 13 सितंबर तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इसके अलावा शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी भी आयोजित नहीं की जाएगी।
दिल्ली के बाजार खुले रहेंगे
BRICS सम्मेलन के दौरान राजधानी के बाजारों को बंद रखने का फैसला नहीं किया गया है। कनॉट प्लेस, खान मार्केट, चांदनी चौक और सदर बाजार समेत प्रमुख बाजार सामान्य तौर पर खुले रहेंगे। हालांकि बाजार जाने वालों को रास्ते में लगने वाले ट्रैफिक प्रतिबंधों और रूट डायवर्जन को ध्यान में रखना होगा। सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ मार्गों पर आवाजाही सीमित हो सकती है, इसलिए निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखना बेहतर रहेगा।
स्कूल-कॉलेज और दफ्तरों पर असर
सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है। भारत मंडपम के आसपास स्थित कई कार्यालयों को भी बंद रखने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य सम्मेलन के दौरान भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
उड़ानों को लेकर भी विशेष व्यवस्था
BRICS सम्मेलन के दौरान दिल्ली और आसपास के हवाई क्षेत्र में भी सुरक्षा के लिहाज से विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे समेत 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले एयरपोर्ट्स पर विमान संचालन को लेकर प्रतिबंध लागू रहेंगे। हालांकि नियमित रूप से संचालित होने वाली निर्धारित उड़ानों को कुछ परिस्थितियों में अनुमति दी गई है। BRICS से जुड़े विशेष मेहमानों की उड़ानों को भी छूट मिल सकती है, लेकिन इसके लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मंजूरी जरूरी होगी। वहीं सफदरजंग और रोहिणी एयरपोर्ट को बंद रखा गया है।
यह भी पढ़ें: India GDP Growth: भारत की अर्थव्यवस्था ने चौंकाया, 7.8% GDP ग्रोथ पर IMF का बड़ा बयान
सड़कों पर निकलने से पहले देखें ट्रैफिक अपडेट
सम्मेलन के दौरान दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा कारणों से प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं। इसलिए निजी वाहन से सफर करने वालों को अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए। खासकर भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में जाने वाले लोगों को ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखनी चाहिए।