संत कबीर नगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता शादी के महज दो दिन बाद अपने प्रेमी संग फरार हो गई. मामला तब चर्चा में आया जब गोरखपुर में दोनों को पकड़े जाने के बाद युवती ने थाने में स्पष्ट रूप से अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई. पुलिस ने मामले को पारिवारिक और आपसी सहमति का बताते हुए किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया.
घरवालों के दबाव में की थी शादी
जानकारी के अनुसार, धनघटा क्षेत्र की युवती की शादी 10 जून को पास के ही एक गांव में धूमधाम से हुई थी. युवती ने ये विवाह पारिवारिक दबाव में किया था. शादी के तुरंत बाद वह पति के साथ ससुराल चली गई, लेकिन उसका अपने पुराने प्रेमी से संपर्क बना रहा. शादी के अगले ही दिन वह चुपचाप ससुराल छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई.
गोरखपुर में पकड़े गए, थाने में हुआ हंगामा
जब इस घटना की जानकारी युवती के परिजनों को मिली, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की. शुक्रवार को गोरखपुर में दोनों को पकड़ लिया गया. उन्हें जबरन वापस लाया जा रहा था, तभी सहजनवा थाना क्षेत्र के एक चौराहे पर युवती ने विरोध करना शुरू कर दिया. हंगामे के चलते मौके पर भीड़ जमा हो गई और मामले ने तूल पकड़ लिया. युवक के भाई ने स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी.
छह साल पुराना है प्रेम संबंध
थाने में पहुंचने के बाद युवती ने पुलिस के सामने अपना पक्ष स्पष्ट रूप से रखा. उसने बताया कि वह छह साल से गांव के ही एक युवक से प्रेम करती है और अब उसी के साथ रहना चाहती है. युवती ने यह भी कहा कि उसने शादी परिवार के दबाव में की थी, लेकिन उसका मन वहां नहीं लग पाया.
पुलिस ने समझा-बुझाकर छोड़ा
सहजनवा थानाध्यक्ष महेश चौबे ने बताया कि युवती, उसका पति और प्रेमी—तीनों संत कबीर नगर के धनघटा क्षेत्र के रहने वाले हैं. चूंकि युवक और युवती दोनों बालिग हैं और युवती ने स्पष्ट रूप से अपनी इच्छा जताई है, इसलिए पुलिस ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से परहेज किया और दोनों को समझा-बुझाकर छोड़ दिया.
पुलिस की भूमिका रही संवेदनशील
पुलिस ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए ना सिर्फ स्थिति को नियंत्रित किया, बल्कि बिना किसी कानूनी दबाव के युवती की मर्जी का सम्मान करते हुए उसे उसके प्रेमी के साथ भेज दिया. इसके साथ ही संत कबीर नगर पुलिस को भी इस मामले की सूचना दे दी गई.