प्रयागराज में एक ऐसी शादी देखने को मिली जिसने पूरे शहर को हैरान कर दिया. यहां दूल्हा नहीं, बल्कि दुल्हन खुद बग्घी पर बैठकर अपनी बारात लेकर निकली. डीजे की तेज धुन, नाचते-झूमते बाराती और बालकनी से झांकते लोग—हर किसी की नजर उसी तरफ थी जहां चमकते लहंगे में दुल्हन तनु लोगों का अभिवादन करती दिख रही थीं. कीडगंज की इस अनोखी बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है और लोग इसे इस शादी सीजन का सबसे यादगार पल बता रहे हैं.
पिता का सपना बना प्रेरणा
इस अनोखी बारात के पीछे है प्रयागराज के राजेश जायसवाल का सपना, जिनकी पांच बेटियां हैं और उन्होंने उन्हें हमेशा बेटों की तरह पाला. उनका सपना था कि उनकी बेटी भी उसी शान से बारात निकाले जैसे परंपरागत रूप से दूल्हे की निकलती है. इसके लिए उन्होंने खास कार्ड छपवाए, बैंड-बाजा बुक किया और पूरे शहर को न्योता दिया. जिस दिन शादी थी, उसी दिन प्रयागराज ने एक अनोखी और प्रेरणादायक परंपरा को जन्म लेते देखा.
नेशनल क्रिकेटर दुल्हन ने जीता सभी का दिल
दुल्हन तनु कोई साधारण लड़की नहीं हैं, वह नेशनल लेवल की क्रिकेट खिलाड़ी रह चुकी हैं. अंडर-19, अंडर-20, स्टेट, मंडल और नेशनल लेवल तक उन्होंने क्रिकेट में अपना हुनर दिखाया है. जब वे बग्घी पर बैठकर डांस करती हुई निकलीं, तो भीड़ का उत्साह चरम पर था. लोग रील्स बना रहे थे, लाइव वीडियो कर रहे थे और हर कोई यही कह रहा था कि ऐसा नजारा उन्होंने पहली बार देखा है. तनु खुद भी बेहद खुश दिखाई दीं और बोलीं कि ये सिर्फ बारात नहीं, बल्कि बेटियों की ताकत और बराबरी का संदेश है.
इसे भी पढ़ें : Haryana के नूंह में फिर ISI कनेक्शन का खुलासा, वकील Rizwan गिरफ्तार, इलाके में तीसरी जासूसी पकड़ से हड़कंप, पढ़ें
सोशल मीडिया पर छाया बारात का शाही अंदाज
पूरी बारात करीब दो किलोमीटर चली और हर कदम पर भीड़ बढ़ती गई. बाराती ऐसे नाच रहे थे जैसे अपनी ही खुशी का जश्न मना रहे हों. दुल्हन तनु के शाही अंदाज और पिता के गर्वभरे कदम ने इस शादी को पूरे शहर की चर्चा बना दिया. सोशल मीडिया पर लोग इसे बेटी का सम्मान, समाज के लिए बड़ा संदेश और एक नई सोच की शुरुआत बता रहे हैं. प्रयागराज की इस शादी ने साबित कर दिया कि परंपराएं बदल सकती हैं, लेकिन खुशियों का जश्न हमेशा नई राहें बना सकता है.