उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के बसखरी क्षेत्र में एक युवती ने अपनी विदाई से पहले घर छोड़ दिया और थाने पहुंच गई. थाने में उसने बताया कि वह आगरा के एक लड़के से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है. यह पहली बार नहीं था जब युवती घर से भागी थी. इससे पहले भी वह घर से फरार हो चुकी थी, लेकिन बाद में वापस लौट आई थी. विदाई की नई तारीख तय होने पर भी उसने घर से भागकर पुलिस स्टेशन में शरण ली.
विदाई से पहले युवती फरार
अंबेडकरनगर के बसखरी क्षेत्र में भोजपुर गांव की 20 वर्षीय युवती की शादी 22 नवंबर 2024 को मदैनिया राजेसुल्तानपुर के युवक से हुई थी. शादी के समय युवती ने खुशी-खुशी सभी रस्में निभाईं और ससुराल भी गई. एक सप्ताह ससुराल में रहने के बाद वह मायके लौट आईं. जब ससुराल वालों ने दोबारा विदाई की तारीख तय की, तो युवती घर से फरार हो गईं.
पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
युवती की विदाई की तारीख 9 मई निर्धारित की गई थी. लेकिन 9 मई को वह अपने घर से गायब हो गई. एक सप्ताह बाद वह वापस लौटी. उसके लौटने के बाद ससुरालवालों ने फिर से विदाई की तारीख तय की और इस बार 28 मई को उसकी विदाई होनी थी. लेकिन 28 मई को वह फिर से घर से गायब हो गई. उसके पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
प्रेमी के साथ रह रही थी युवती
पुलिस की जांच में युवती का पता आगरा में चला, जहां वह अपने प्रेमी के साथ रह रही थी. थाने में युवती ने बताया कि वह आगरा के एक लड़के से प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है. उसने प्रेम संबंध की बात स्वीकार की है. पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं युवती के पति और ससुराल वालों ने उसकी विदाई कराने से मना कर दिया है और शादी में दिए गए गहनों की वापसी की मांग की है. इस सिलसिले में युवती से गहनों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है.