
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यूनाइटेड किंगडम के पीएम कीर स्टार्मर 8 अक्टूबर से भारत की दो दिवसीय यात्रा होंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शनिवार को ऐलान किया। यह प्रधानमंत्री स्टार्मर की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, नौ अक्टूबर को मुंबई में इस यात्रा के दौरान, दोनों प्रधानमंत्री विजन 2035 के अनुरूप भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के कई पहलुओं में प्रगति का जायजा लेंगे। यह विजन 2035 व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख स्तंभों में कार्यक्रमों और पहलों का एक केंद्रित 10-वर्षीय रोडमैप है।
उद्योग जगत के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे
विदेश मंत्रालय की ओर से एक बयान में कहा, दोनों नेता भविष्य की भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी के एक केंद्रीय स्तंभ के रूप में भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) की ओर से प्रस्तुत अवसरों पर व्यवसायों और उद्योग जगत के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और स्टार्मर मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान, दोनों नेता इंडस्ट्री एक्सपर्ट, पॉलिसी मेकर्स और इनोवेटर्स से मिलेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा, यह यात्रा 23-24 जुलाई 2025 को पीएम मोदी की यूके यात्रा से उत्पन्न गति और सार्थकता को आगे बढ़ाएगी।