New Delhi: दिल्ली पुलिस की उत्तरी बाहरी जिला पुलिस ने नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में 28 वर्षीय फैक्ट्री मालिक की चाकू गोदकर की गई हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू, दो मोटरसाइकिलें और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
बदमाशों ने रोककर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया
डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 20 फरवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे गौतम कॉलोनी निवासी रवि (28), जो “चौधरी एंटरप्राइजेज” के सह-मालिक थे, अपनी फैक्ट्री (जे-3266, डीएसआईआईडीसी) से मोटरसाइकिल पर निकल रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रवि के गर्दन, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत एसआरएचसी अस्पताल, नरेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह की शिकायत पर थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
रंजिश बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि 19 फरवरी को फैक्ट्री में काम के निर्देश को लेकर रवि और मजदूर राहिद उर्फ राहिल के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान रवि ने राहिद को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए राहिद ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर रवि की हत्या की साजिश रची।
पुलिस टीम की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की पहचान कर 22 फरवरी 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
अभय उर्फ हनुमान (19), निवासी मेट्रो विहार, होलंबी कलां, दिल्ली
रितिक (18), निवासी मेट्रो विहार, होलंबी कलां, दिल्ली
एक नाबालिग , निवासी मेट्रो विहार, दिल्ली शामिल हैं।
ये चीजें हुई बरामद
अभय के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद। रितिक के पास से चाकू, मोटरसाइकिल ( और खून से सने कपड़े बरामद। नाबालिग आरोपी के पास से वारदात के समय पहने कपड़े बरामद। पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस संबंध में बाहरी उत्तरी जिला के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।