India-Bangladesh Border: भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण बंगाल सीमांत की 149वीं वाहिनी ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ कोकीन की बड़ी खेप बरामद की है। तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने 316 ग्राम कोकीन जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों में नशे की तस्करी के खिलाफ BSF की सख्त निगरानी का नतीजा मानी जा रही है।
BSF अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें पहले से सूचना मिली थी कि एक गांव में मादक पदार्थ छुपाकर रखा गया है। इसी इनपुट के आधार पर जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से चलाया गया ताकि किसी भी तरह की चूक न हो। इस दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया गया और स्थानीय स्तर पर सहयोग भी लिया गया।
यह भी देखेंःVB-G Ram G Bill passed: लोकसभा में हंगामे के बीच VB–G Ram G बिल पारित, विपक्ष ने कागज फाड़कर जताया विरोध
खुफिया इनपुट पर चला तलाशी अभियान
जानकारी के अनुसार, 149वीं वाहिनी की सीमाचौकी लवंगोला के जवानों ने ग्राम चर-बिनपारा में तलाशी अभियान चलाया। सूचना थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति के घर के आसपास कोकीन छिपाई गई है। गांव के दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर और उसके आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की गई। तलाशी के दौरान घर से करीब दो मीटर दूर एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसे खोलने पर उसमें कोकीन बरामद हुई। हालांकि, मौके से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
कानूनी कार्रवाई और BSF की सख्ती
बरामद कोकीन को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। BSF के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी रोकने के लिए जवान लगातार सतर्क हैं। नियमित निगरानी, खुफिया सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और रणनीतिक अभियानों के जरिए तस्करों के मंसूबों को नाकाम किया जा रहा है। BSF ने साफ किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।