मेरठ में बीएसएफ के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय जवान घर में अकेले थे। जानकारी मिलते ही एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में टीम गठित की है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
फोरेंसिक व डाग स्क्वाड की टीम को मौके पर बुला लिया
इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव निवासी 38 वर्षीय नैन सिंह बीएसएफ में कास्टेबल थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। वह 6 मार्च को छुट्टी पर अपने घर आए थे। शनिवार शाम करीब पांच बजे संदिग्ध परिस्तिथियों में उनकी गोली लगने से मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा नैन सिंह लहूलुहान हालत में चारपाई पर पड़े है। घटना की जानकारी मिलते ही इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। बाद में एसएसपी अविनाश पांडेय भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी की।
जांच के लिए उन्होंने फोरेंसिक व डाग स्क्वाड की टीम को मौके पर बुला लिया। फोरेंसिक टीम नमूने लेकर लौट गई। घटना के समय नैन सिंह की पत्नी कोमल अपने दो बच्चों के साथ टीपी नगर थाना क्षेत्र के फाजलपुर स्थित मायके गई हुई थीं। नैन सिंह घर में अकेले थे और चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी। एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया, नैन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। गांव के माहौल को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
पड़ोसी से विवाद में तो नहीं हुई हत्या
हालांकि अभी कोई खुलकर नहीं बोल रहा है पर ग्रामीण दबी जुबान से कह रहे है कि नैन सिंह का पड़ोसी से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसी विवाद में तो नैन सिंह की सोते समय गोली मारकर हत्या तो नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है। पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है।