लखनऊ। बसपानेत्री मायावती 7 फरवरी को प्रदेशभर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी, जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बाबत संगठन के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में जोनल से लेकर विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इस दौरान बसपा सुप्रीमो चुनाव की तैयारियों के बाबत अहम दिशा-निर्देश भी देंगी।
बसपा सुप्रीमो ने बीते दिनों विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया था। जिसके बाद पार्टी द्वारा 1600 टीमों का गठन किया गया था, जो गांव-गांव जाकर बसपा समर्थकों को सक्रिय करने के साथ नए वोटर बनाने की मुहिम में जुटी थी। बैठक के दौरान इसकी रिपोर्ट ली जाएगी। साथ ही एसआईआर के कार्यों के बारे में भी सभी पदाधिकारियों को बताना होगा।
यूजीसी के नये नियमों के बारे में भी बसपा सुप्रीमो पार्टी लाइन के बारे में बताएंगी ताकि सवर्ण वोट बैंक को अपने पाले में किया जा सके। दरअसल, यूजीसी के नये नियमों को लेकर बसपा ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी थी, जिसकी सराहना भी हुई थी।
बसपा सुप्रीमो पार्टी का रुख अधिक स्पष्ट कर सकती हैं ताकि पदाधिकारी उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचा सके। बैठक में सभी विधानसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष, बामसेफ के जिला संयोजक, भाईचारा कमेटी के पदाधिकारी और मंडल संयोजक मौजूद रहेंगे।