Btech Gold Medallist Student Suicide: आज के समय में ज्यादातर युवा यही सपना देखते हैं कि एक अच्छी सरकारी नौकरी लग जाए तो जीवन सफल हो जाए, लेकिन कभी-कभी इस सपने का दबाव ऐसा होता है कि कई युवा आत्मघाती कदम उठा लेते हैं। कुछ ऐसा ही मामला यूपी के कानपुर से सामने आया है। जहां 23 साल के युवक ने सरकारी नौकरी पाने का दबाव न झेल पाने पर मौत को गले लगा लिया।
होनहार था आनंद, राज्यपाल ने किया था सम्मानित
दरअसल, कानपुर के गुजैनी में रहने वाला 23 साल का आनंद कुमार बेहर होनहार छात्र था। आनंद ने पीएसआईटी कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया और पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि के लिए साल 2024 में उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आंनद को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया था। फिलहाल वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और सरकारी नौकरी पाने का सपना देखा करता था। लेकिन 50 से ज्यादा प्रयासों के बावजूद भी आनंद को सफलता नहीं मिली। इस तनाव के चलते आनंद ने सुसाइड जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया।
आत्महत्या से पहले लिखा था सुसाइड नोट
सुसाइड से पहले आनंद कुमार ने अपने पापा के नाम एक नोट भी लिखा जिसमें उसने लिखा कि, 'मैंने 50 बार सरकारी नौकरी के लिए कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया, पापा मुझे माफ करना... सॉरी'।
यह भी पढ़ें: NEET UG Result: OMR शीट से मैच नहीं हो रहे स्कोरकार्ड के नंबर? शिकायत दर्ज कराने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
परिवार ने बताया पूरा घटनाक्रम
आनंद के पिता राजकुमार बताते है कि, आनंद ने रेलवे, बैंक, एसएससी और शिक्षा विभाग समेत कई सरकारी भर्तियों की परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इतनी बार असफल होने की वजह से वह तनाव में रहने लगा था। आंनद के पिता ने आगे बताया कि, उनका परिवार मूल रूप से बिहार के बक्सर का रहने वाला है। उनके घर में आनंद के बड़े भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के सदस्य बड़े बेटे की शादी तय करने के लिए 5 दिन पहले बिहार गए थे और आनंद घर पर अकेला था। शुक्रवार की दोपहर जब मेड घर पर पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज
मौके पर जब पुलिस पहुंची तो वहां का नजारा देख कर सबके होश उड़ गए। आनंद कुमार का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोविंदनगर थाने के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि आनंद के घर में एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपने तनाव के बारे में लिखा और आत्महत्या के लिए माता-पिता से माफी मांगी।