Budget 2026 Stock Market Live: केंद्रीय बजट 2026 पेश होने से पहले शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रविवार, 1 फरवरी 2026 को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई, लेकिन बजट से जुड़ी उम्मीदों के चलते कुछ ही देर में बाजार ने वापसी कर ली। निवेशकों की नजर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण पर टिकी रही, जिसका असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर साफ दिखा।
शुरुआती झटके के बाद बाजार ने पकड़ी रफ्तार
सुबह के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी नुकसान के साथ खुले। सेंसेक्स करीब 287 अंक फिसल गया, जबकि निफ्टी 127 अंकों की गिरावट के साथ 25,292 के स्तर पर पहुंचा। हालांकि बजट से पहले उम्मीदों ने बाजार को सहारा दिया और थोड़ी देर में सेंसेक्स करीब 220 अंक चढ़कर ग्रीन जोन में आ गया।
नौवां बजट और रविवार का संयोग
यह बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां केंद्रीय बजट है। खास बात यह है कि इतिहास में यह दूसरी बार है जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन पेश किया जा रहा है। ऐसे समय में बजट आ रहा है, जब वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता और अमेरिकी टैरिफ का दबाव बना हुआ है।
यह भी देखेंःLPG rate hike : बजट वाले दिन महंगाई की मार, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹50 की बढ़ोतरी
आईटी और मेटल शेयरों पर दबाव
बाजार में तेजी के बावजूद आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में कमजोरी देखी गई। दूसरी ओर बैंकिंग और चुनिंदा कंज्यूमर स्टॉक्स में खरीदारी ने सूचकांकों को संभाले रखा। निवेशक बजट में टैक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और कैपेक्स से जुड़े ऐलानों का इंतजार करते दिखे।
सोना-चांदी में गिरावट
बजट से ठीक पहले सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। गोल्ड और सिल्वर फ्यूचर्स में करीब 9 प्रतिशत तक की कमजोरी देखी गई। विशेषज्ञों का मानना है कि बजट के बाद बाजार की दिशा सरकार की नीतियों और घोषणाओं पर निर्भर करेगी, जिससे आने वाले दिनों में निवेशकों की रणनीति तय होगी।