Building Collapses in Delhi: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत के गिरते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो चुकी है वही कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीमें
दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद कई दमकल वाहन और राहत-बचाव दल तुरंत सत्य निकेतन के लिए रवाना किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, रेस्क्यू अभियान में दमकल की 12 टीमें जुटी हुई हैं। टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बचाव कार्य शुरू किया।
मलबा हटाने में जुटे राहतकर्मी
फायर ब्रिगेड के जवान स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से मलबे को हटाने का काम कर रहे हैं। राहतकर्मियों का मुख्य फोकस मलबे के नीचे फंसे लोगों को तलाशना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। आसपास के इलाके में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि बचाव अभियान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
एंबुलेंस और आपात सेवाएं तैनात
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी तैयार रखा गया है। राहत टीमों की कोशिश है कि मलबे में फंसे लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में प्रशासन की मदद करते नजर आए। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
इमारत गिरने की वजह अभी साफ नहीं
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पांच मंजिला इमारत किस वजह से गिरी और हादसे के समय उसके अंदर कितने लोग मौजूद थे। प्रशासन की ओर से घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में फंसे या प्रभावित लोगों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।