Bulandshahr News: जनपद के स्याना कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 9 की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, तभी रास्ते में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, कोतवाली स्याना क्षेत्र के गांव बिगराऊ निवासी शिवानी कस्बा खानपुर स्थित एक स्कूल में पढ़ने जा रही थी। जैसे ही वह गांव के पास शनि देव मंदिर के निकट खानपुर रोड पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्याना लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मामले की जांच की जा रही
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।