उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक महिला ने दो पुलिसकर्मियों समेत 4 लोगों पर रेप, गर्भपात, ठगी और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद पुलिसकर्मी ने शादी का झांसा देकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया बल्कि मजबूरी बताकर लाखों रुपए भी हड़प लिए। अब मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।
फेसबुक दोस्ती बनी जाल
थाना क्षेत्र की पीड़िता का आरोप है कि फेसबुक के जरिए उसकी पहचान पुलिसकर्मी महेश उपाध्याय से हुई। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए दोस्ती की और 19 अक्टूबर 2023 को मेरठ पुलिस लाइन बुलाकर शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।
गर्भपात और ठगी का आरोप
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार मर्जी के खिलाफ संबंध बनाता रहा। गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराया गया और लाखों रुपए की ठगी भी की गई। बाद में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।
आपत्तिजनक वीडियो वायरल और धमकी
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी की पत्नी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर दिया। मेरठ में शिकायत दर्ज कराने पर पुलिसकर्मी ने नौकरी बचाने के लिए समझौते का दबाव बनाया और परिजनों की मौजूदगी में 11 नवंबर 2023 को उससे शादी भी कर ली। शादी के बाद एक बेटी हुई, लेकिन जब पीड़िता ने पत्नी का हक मांगा तो उसे धमकियां दी गईं।
FIR दर्ज, जांच शुरू
पीड़िता ने महेश उपाध्याय, उसके भाई, पत्नी और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। आरोपियों पर संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।