बुलन्दशहर। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बुलन्दशहर पुलिस ने एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। माह दिसम्बर के दौरान आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की गई है।
जनपद बुलन्दशहर पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ त्वरित कार्रवाई की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में प्रथम स्थान के रूप में सामने आया।
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 24 थाने शीर्ष रैंक पर रहे। इनमें कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, महिला थाना, औरंगाबाद, सिकन्द्राबाद, गुलावठी, चोला, ककोड़, स्याना, नरसेना, बीबीनगर, खुर्जा नगर, खुर्जा देहात, अरनिया, जहांगीरपुर, शिकारपुर, पहासू, अनूपशहर, अहार, जहांगीराबाद, डिबाई, छतारी, नरौरा और रामघाट शामिल हैं। शेष थानों को कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार के लिए निर्देशित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क, अनुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
एसएसपी ने यह भी घोषणा की कि आईजीआरएस सेल में तैनात पुलिसकर्मियों तथा शीर्ष रैंक प्राप्त करने वाले थानों में आईजीआरएस का कार्य देख रहे पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनका मनोबल और अधिक बढ़े। जनसेवा के क्षेत्र में बुलन्दशहर पुलिस की यह उपलब्धि अन्य जनपदों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है।