
Bulandshahr News: देश की खातिर बुलंदशहर के एक और लाल ने प्राणों को न्योछावर कर दिया। बता दें कि बुलंदशहर के नरसैना थाना क्षेत्र के पाली आनंदगढ़ी निवासी जेसीओ प्रभात गौड श्रीनगर में आतंकियों से हुई मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए। शहीद जेसीओ का शव बुधवार को पैतृक गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। उनकी शहादत की खबर के बाद से ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातम का माहौल है।
1998 में भारतीय सेवा में भर्ती हुए थे
बुलंदशहर जनपद के गांव पाली आनंदगढ़ी के रहने वाले प्रभात गौड़ 1998 में भारतीय सेवा में भर्ती हुए थे। पिछले 2 साल से जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। बताया जाता है कि रविवार की रात को श्रीनगर में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ के दौरान जेसीओ प्रभात गौड शहीद हो गए। सोमवार की दोपहर को प्रभात गौड के शहीद होने की खबर परिजनों को मिली। खबर सुनते ही परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांव में पसरा मातम
पिता सत्य प्रकाश गौड और भाई राजवीर गौड ने बताया कि प्रभात गौड पीछे पत्नी, एक पुत्र और पुत्री को छोड़ गया है। जैसे ही गांव में जेसीओ प्रभात गौड के शहीद होने की खबर आई, मातम पसर गया। वहीं, भाई राजवीर गौड ने बताया कि प्रभात के शहीद होने की खबर के बाद गांव में चूल्हे तक नहीं जले। गांव में गर्व मिश्रित शोक का माहौल था। शहीद के घर ग्रामीण शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचने लगे। शहीद के पिता ने बताया कि बुधवार को शहीद बेटे का शव गांव पहुंचेगा, जहां पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।