Bulldozer Action: कानपुर के ग्राम बरी में कानपुर विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बने कथित अतिक्रमण को हटाया है। सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई के बाद इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
500 वर्गमीटर जमीन को लेकर था विवाद
प्राधिकरण के मुताबिक ग्राम बरी की आराजी संख्या 314 की करीब 500 वर्गमीटर सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया था। आरोप है कि जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाकर उसके अंदर कई निर्माण कराए गए थे। इसी को लेकर संबंधित पक्ष को पहले नोटिस भी जारी किया गया था।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया निर्माण
KDA का कहना है कि जमीन और निर्माण को लेकर संबंधित पक्ष से जवाब मांगा गया था। उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का फैसला लिया गया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक्शन
कार्रवाई के दौरान पुलिस, PAC और महिला पुलिस बल को तैनात किया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। बुलडोजर ने मौके पर बनी बाउंड्री वॉल और अन्य ढांचों को हटाया। पूरे अभियान पर प्रशासन की नजर बनी रही।
हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत
मामले में संबंधित पक्ष ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया था। KDA अधिकारियों के अनुसार याचिका खारिज होने के बाद भी अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया। जब निर्माण नहीं हटाया गया तो प्राधिकरण ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कब्रों को नहीं छूने का दावा
KDA ने साफ किया है कि कब्रिस्तान के तौर पर दर्ज जमीन और कब्रों को नहीं हटाया जा रहा है। कार्रवाई सिर्फ उस हिस्से पर की गई है जिसे सरकारी जमीन पर बना कथित अतिक्रमण बताया गया है। प्राधिकरण का कहना है कि बाउंड्री वॉल और अन्य ढांचों को हटाकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है।
ये भी पढ़ें- UP ELECTION 2027 पूर्वांचल में BJP का नया दांव, दो तस्वीरों ने बढ़ाई सियासी हलचल, पढ़ें पूरी खबर EXCLUSIVE