बुलेट चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने किया हंगामा, अधिकारियों के समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रक्षापुरम रोड पर एक दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा सवार युवती को मौत हो गई। हादसा नशे में धुत बुलेट सवार युवक के ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मारने पर हुआ। हादसे के बाद युवक बुलेट लेकर भाग गया। घटना के विरोध में परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हुए। पुलिस का कहना है कि अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर फरार बुलेट बुलेट की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
ई-रिक्शा पलटने से प्रियंका गंभीर रूप से घायल
गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरू बक्सर में श्याम सिंह परिवार के साथ किराए के मकान में रहते है। मंगलवार सुबह दस बजे उनकी बेटी प्रियंका पड़ोस की अन्य लड़कियों के साथ ई-रिक्शा से मीनाक्षीपुरम सिलाई सीखने जा रही थी। इसी दौरान रक्षापुरम डिवाइडर मार्ग पर डब्ल्यूएचओ कॉलोनी के सामने नशे में धुत तेज गति से आ रहे बुलेट सवार युवक ने पीछे से ई रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गई। ई-रिक्शा पलटने से प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य युवतियां मामूली रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आरोपी बुलेट लेकर भागा
हादसे के बाद आरोपी बुलेट लेकर भाग गया। राहगीरों ने ई-रिक्शा को सीधा किया और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्रियंका को मृतक घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करने लगी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बुलेट चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गंगानगर इंस्पेक्टर ने बताया, अज्ञात बुलेट चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।