शाहपुर थाना की पुलिस ने पिछले माह अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का राजफाश किया था। उसमें कुख्यात विक्की त्यागी के पुत्र रक्षित त्यागी समेत कई बदमाश पकड़े थे। पुलिस की जांच में गिरोह से असलहा खरीद को लेकर युवकों के नाम सामने आए थे। शाहपुर थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि सर्राफा बाजार निवासी तुषार वर्मा और मुहल्ला रामपुरी निवासी वंश वर्मा भी इस गिरोह के साथ जुड़े मिले हैं। इसके चलते गत शनिवार को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, जहां से दोनों को जेल भेजा गया है। मंगलवार को इस गिरोह पर गैंग्सटर एक्ट में कार्रवाई की गई है, जिसमें दोनों युवक भी शामिल हैं। गैंग्सटर एक्ट में कार्रवाई की भनक लगने पर सर्राफा व्यापारियों में रोष फैल गया।
युवकों को फंसाने और झूठे मुकदमे दर्ज
सर्राफा एसोसिएशन के साथ मिलकर व्यापारी सड़क पर उतर आए और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों का आरोप है कि तुषार वर्मा सर्राफा बाजार में ओम ज्वेलर्स तथा वंश वर्मा बाजार में काम करता है। दोनों के विरुद्ध पुलिस ने गलत कार्रवाई की है। सर्राफा एसोसिएशन के मंत्री स्वराज वर्मा ने कहा कि पुलिस युवकों को फंसाने और झूठे मुकदमे दर्ज करने का काम कर रही है। पुलिस दोनों युवकों को जंगल से पकड़ना दिखा रही है, जबकि इन्हें घर से उठाया गया था। व्यापारियों ने दोनों युवकों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी। व्यापारियों ने कहा कि दोनों युवकों का मामला एक साल पुराना तमंचा बरामदगी से जुड़ा था। उस मामले गिरफ्तार हुए और जमानत करा ली, अब पुलिस ने गैंग्सटर एक्ट में कार्रवाई कर दी।
सर्राफा कारोबारियों के बीच पहुंचे मंत्री कपिलदेव अग्रवाल और सांसद हरेंद्र मलिक
भगत सिंह रोड पर सराफा बाजार मोड़ पर दुकानें बंद कर धरना प्रदर्शन कर रहे सर्राफा कारोबारियों के बीच शहर सीट से विधायक एवं प्रदेश सरकार में ।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल पहुंचे और उनकी बातों को सुना। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के मुजफ्फरनगर सीट से सांसद हरेंद्र मलिक भी सराफा कारोबारियों एवं व्यापारियों के बीच पहुंच गए।
दोनों युवकों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने तत्काल शहर कोतवाल को तलब किया तो उन्होंने बताया कि मामला शाहपुर थाने से जुड़ा हुआ है और दोनों युवकों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई हो चुकी है।इस पर सांसद हरेंद्र मलिक और मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पुलिस को निर्देश दिए कि सराफा बाजार से संबंधित कोई भी मामला हो तो पहले सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों को विश्वास में लेकर पुलिस कार्रवाई करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी को झूठा नहीं फंसाया जाएगा।इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वह बात करेंगे। मंत्री कपिल देव व अग्रवाल के आश्वासन के बाद दोपहर में सराफा कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोल लिए।