टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आज से हो रही है और पहले ही दिन क्रिकेट फैंस को पूरे तीन मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारत अपना पहला मैच यूएसए के खिलाफ खेलेगा, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले से पहले ही टीम इंडिया को लेकर बड़ी खबर सामने आ गई है, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। माना जा रहा है कि भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आज के मैच में नहीं खेलेंगे।
जसप्रीत बुमराह क्यों नहीं उतरेंगे मैदान पर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जसप्रीत बुमराह की तबीयत ठीक नहीं है। बताया जा रहा है कि वह वायरल बुखार से जूझ रहे हैं। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें यूएसए जैसे शुरुआती मुकाबले में जोखिम में नहीं डालना चाहता। मैच से एक दिन पहले बुमराह मैदान पर जरूर पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने अभ्यास नहीं किया। ऐसे में लगभग तय माना जा रहा है कि उन्हें आराम दिया जाएगा ताकि आगे के अहम मुकाबलों में वह पूरी तरह फिट होकर लौट सकें।
तेज गेंदबाजी में कौन लेगा जिम्मेदारी
बुमराह के नहीं खेलने की स्थिति में भारतीय तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी दूसरे गेंदबाजों पर होगी। हर्षित राणा पहले ही चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को स्क्वॉड में शामिल किया गया है, जो शुक्रवार को ही टीम इंडिया से जुड़े हैं। माना जा रहा है कि आज के मैच में सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है और वह नई गेंद से अहम भूमिका निभाएंगे।
ओपनिंग जोड़ी में भी हो सकता है बदलाव
टी20 वर्ल्ड कप से पहले हुई आखिरी सीरीज में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ने ओपनिंग की थी, लेकिन संजू का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक रहा। वह किसी भी मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए। सीरीज के आखिरी मैच में उनसे विकेटकीपिंग भी नहीं कराई गई थी। ऐसे में अब खबर है कि आज के मुकाबले में ईशान किशन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है और वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : World Cup के बीच बड़ा झटका, Ishan Kishan पर टूटा दुखों का पहाड़, BCCI के फैसले से भड़के फैंस, क्रिकेट जगत में मचा हंगामा
अभ्यास मैच से मिले संकेत
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए अभ्यास मैच में भी अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने ही ओपनिंग की थी। दोनों ने अच्छी लय में बल्लेबाजी की थी, जिससे टीम मैनेजमेंट का भरोसा उन पर और मजबूत हुआ है। अगर ऐसा होता है, तो संजू सैमसन को आज बेंच पर बैठना पड़ सकता है। यह फैसला पूरी तरह टीम के संतुलन और हालिया फॉर्म को देखते हुए लिया जा सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यूएसए के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन कुछ इस तरह हो सकती है अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज। अब देखना दिलचस्प होगा कि बिना बुमराह के टीम इंडिया पहले ही मैच में कैसा प्रदर्शन करती है और नए कॉम्बिनेशन कितना असरदार साबित होते हैं।