दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप 2025 के फाइनल का रोमांच उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (जस्सी) ने पाकिस्तानी बल्लेबाज हारिस रऊफ का विकेट चटकाया. क्योंकि ये सिर्फ एक विकेट नहीं था, बल्कि मैदान पर गरमा-गर्मी और नोकझोंक का जवाब भी था. विकेट लेने के बाद बुमराह ने ऐसा सेलिब्रेशन किया, जिसने सोशल मीडिया पर आग लगा दी. उन्होंने ‘प्लेन क्रैश’ का इशारा करते हुए अपने हाथों से मानो पाकिस्तानी फाइटर जेट को गिरा दिया हो. ये नजारा देखकर न सिर्फ दर्शक झूम उठे बल्कि टीवी स्क्रीन पर बैठी उनकी पत्नी संजना गणेशन भी हैरान रह गईं.
'प्लेन क्रैश' सेलिब्रेशन से बनाया मजाक
असल में, इस सेलिब्रेशन के पीछे भी एक कहानी है. सुपर-4 के मुकाबले में हारिस रऊफ ने भारतीय बल्लेबाजों को आउट करने के बाद इसी तरह का इशारा किया था, जिससे पाकिस्तानी फैंस में जोश भर गया था। लेकिन फाइनल में बुमराह ने उन्हें उन्हीं की चाल से मात दी. 18वें ओवर में अपनी धारदार यॉर्कर से रऊफ के स्टंप्स उखाड़े और फिर उसी अंदाज में 'प्लेन क्रैश' सेलिब्रेशन कर उनका मज़ाक उड़ाया. फैंस कहने लगे जस्सी ने पाकिस्तान के फाइटर जेट को हवा में ही गिरा दिया. बुमराह का जलवा यहीं नहीं थमा. उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान की धड़कनें रोक दीं. इस मुकाबले में उन्होंने 3.1 ओवर में 25 रन देकर 2 अहम विकेट झटके. हारिस रऊफ के अलावा उन्होंने ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज को भी पवेलियन भेजा. शुरुआत में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने जरूर तेज रन बनाए और पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़ दिए, लेकिन बुमराह और भारतीय स्पिनर्स ने मिलकर पूरी तस्वीर पलट दी. बुमराह और फरहान के बीच हुई गरमागरम बहस के बाद भी जस्सी ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से जवाब दिया और दिखा दिया कि असली शेर कौन है.
गेंदबाजों ने पाकिस्तान पर शिकंजा कसा
बाकी गेंदबाजों ने भी पाकिस्तान पर शिकंजा कस दिया. भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए और इतिहास रचते हुए एशिया कप के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. वहीं वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट और अक्षर पटेल ने भी 2 शिकार किए. पूरी पाकिस्तानी टीम महज 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर हो गई यानी कहा जा सकता है कि फाइनल में पाकिस्तान की शुरुआत भले ही तेज रही हो, लेकिन अंत भारत के नाम रहा और इस मैच में जस्सी का वो 'प्लेन क्रैश' सेलिब्रेशन हमेशा याद रखा जाएगा, जिसने पाकिस्तान की अकड़ तोड़ी और हर भारतीय फैन का दिल जीत लिया