मध्य प्रदेश के रतलाम के पास रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस का एसी कोच अचानक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते पूरा डिब्बा Burning Train में बदल गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय कोच में 68 यात्री सवार थे, जिन्हें रेलवे और आरपीएफ की टीम ने तेजी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात रोक दिया गया।
कुछ सेकेंड में धधक उठा एसी कोच
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5:15 बजे राजधानी एक्सप्रेस कोटा मंडल के लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच पहुंची थी। इसी दौरान बी1 एसी कोच में अचानक धुआं उठने लगा। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा डिब्बा जलकर राख हो गया।
गार्ड के अलर्ट के बाद रोकी गई ट्रेन
आग की सूचना सबसे पहले गार्ड ने लोको पायलट को दी। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया और कोच का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। ट्रेन रुकते ही रेलवे स्टाफ और आरपीएफ जवानों ने यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू कर दिया।
15 मिनट में सुरक्षित निकाले गए सभी यात्री
हादसे के समय बी1 कोच में कुल 68 यात्री मौजूद थे। रेलवे टीम और राहत कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट में पूरे कोच को खाली करा लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
राहत-बचाव टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही कोटा जंक्शन पर अलर्ट जारी किया गया। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और टेक्निकल स्टाफ ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग हुआ प्रभावित
राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोक दिया गया। कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर खड़ा किया गया है। रेलवे प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा हुआ है।