.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D96988170-769d-44b8-9700-41013644eac0&w=3840&q=75)
Cab driver Nasim: नोएडा में रैश ड्राइविंग करने वाले एक कैब ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी ड्राइवर असली नाम छुपाकर कैब बुकिंग लेता था। उसका असली नाम नासिम है, जबकि बुकिंग के लिए वह सोनू नाम का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी से दो आधार कार्ड भी बरामद किए हैं। गुरुवार शाम पर्थला ब्रिज के पास हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कपल ड्राइवर से गाड़ी रोकने की गुहार लगा रहे थे, लेकिन उसने उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया। इसी दौरान उसकी गाड़ी एक वाहन से टकरा गई, जिसमें सवार दंपती को हल्की चोटें आईं और उनकी बच्ची डर गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस की कार्रवाई
इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से फैल गया। वीडियो में दिखा कि कार की पिछली सीट पर बैठी महिला और उसका पति लगातार ड्राइवर से गाड़ी रोकने की मिन्नतें कर रहे थे। लेकिन आरोपी लगातार गाड़ी तेज गति से चलाता रहा। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने गाड़ी के नंबर से आरोपी की पहचान की और शुक्रवार को सहारा कट के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी वैगनआर कार को भी सीज कर दिया है।
फर्जी पहचान से करता था बुकिंग
जांच में सामने आया कि आरोपी नासिम हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है और फिलहाल सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव में रहता है। उसने बुकिंग ऐप पर अपनी पहचान सोनू के नाम से बनाई थी, ताकि लोगों को गुमराह कर सके। यही नहीं, उसके पास से दो अलग-अलग नामों के आधार कार्ड भी मिले हैं, जो उसने धोखाधड़ी के मकसद से रखे थे। पुलिस फिलहाल दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने और कितनी बार फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर यात्रियों को धोखा दिया।