सहकारिता मंत्रालय की ओर से लॉन्च किया गया कैब सर्विसेज ऐप भारत टैक्सी ऐप को पूरे देश से जबरदस्त समर्थन प्राप्त हो रहा है। इसके यूजर्स की संख्या 4 लाख से अधिक हो चुकी है।
हर दिन 40,000 नए यूजर
सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, भारत टैक्सी ऐप से कुछ दिनों में दो दिनों में हर दिन 40,000 से 45,000 नए यूजर्स जुड़ रहे हैं। यह ऐप एक जनवरी को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सहकारिता मंत्रालय ने जानकारी दी कि ऐप में नए यूजर्स का पंजीकरण लगातार बढ़ता जा रहा है। करीब 40,000 से 45,000 नए यूजर्स ने बीते दो दिनों में हर दिन पंजीकरण किया।
चार लाख पंजीकृत ग्राहकों के आंकड़े को पार किया
सहकारिता मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी गई कि भारत टैक्सी ने पहले ही चार लाख पंजीकृत ग्राहकों के आंकड़े को पार कर लिया है।
यह प्लेटफॉर्म वर्तमान में गूगल प्ले स्टोर पर नौवें और एप्पल के ऐप स्टोर पर तेरहवें स्थान पर है, जबकि इसका ड्राइवर-केंद्रित ऐप प्ले स्टोर पर 20वें स्थान पर है। मंत्रालय ने कहा कि यह चरण केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे “आत्मनिर्भर भारत” और “सहकार से समृद्धि” के व्यापक राष्ट्रव्यापी कार्यान्वयन की दिशा में एक कदम है।
ड्राइवरों और सुरक्षित यात्रा पर विशेष जोर
भारत टैक्सी को मौजूदा कैब एग्रीगेटरों के सहकारी विकल्प के रूप में लॉन्च किया गया। यह ऐप खुद को एक पारदर्शी और ड्राइवर-अनुकूल प्लेटफॉर्म के रूप में प्रस्तुत करता है, जिसमें पुलिस द्वारा सत्यापित ड्राइवरों और सुरक्षित यात्रा पर विशेष जोर दिया गया है।
एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध
यह ऐप अब एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है, और शुरुआती उपयोग से पता चलता है कि यह भारत के प्रतिस्पर्धी राइड-हेलिंग बाजार में अपनी जगह बना रहा है। ऐप का इंटरफेस साफ-सुथरा और सरल है। शहर में राइड बुक करना आसान है, और ऐप में मेट्रो टिकट बुकिंग और 12 घंटे तक के लिए कैब किराए पर लेने जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी शामिल हैं।